Thu. Feb 6th, 2025
farmers protesting

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) शिव हरि मीणा ने बताया कि पुलिस ने दोपहर करीब डेढ़ बजे 160 से ज्यादा किसानों को गिरफ्तार कर लिया।

monal website banner

नोएडा। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नोएडा के दलित प्रेरणा स्थल पर धरना दे रहे 160 से अधिक किसानों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया और उनके टैंट उखाड़ दिए। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा, भारतीय किसान यूनियन (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) के प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना, किसान नेता रूपेश वर्मा, सुनील फौजी, सुनील प्रधान, उदल यादव और अमन भाटी शामिल हैं। सभी को गिरफ्तार कर सूरजपुर में स्थित पुलिस लाइन ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह से ही अलग-अलग संगठनों के किसान नेताओं के घरों पर पुलिस बल पहुंचने लगे थे और दलित प्रेरणा स्थल पर मौजूद तकरीबन 100 के आसपास किसानों को भी बड़ी संख्या में पुलिस बल ने सुबह से ही घेरना शुरू कर दिया था। इसके साथ-साथ अलग-अलग रास्तों से दलित प्रेरणा स्थल की तरफ आ रहे किसानों को भी रोककर हिरासत में ले लिया गया।

सरकार द्वारा अधिगृहीत की गई अपनी जमीन के लिए उचित मुआवजे की मांग को लेकर ये किसान सोमवार को दिल्ली कूच के लिए महामाया फ्लाईओवर के पास एकत्र हुए थे। वहां से आगे बढ़ने पर पुलिस ने उन्हें दलित प्रेरणा स्थल के पास रोक लिया था। इस पर किसान वहीं पर धरने पर बैठ गए थे।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) शिव हरि मीणा ने बताया कि पुलिस ने दोपहर करीब डेढ़ बजे 160 से ज्यादा किसानों को गिरफ्तार कर लिया। सुखबीर खलीफा ने कहा कि पुलिस ने उन्हें और अन्य किसान नेताओं को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि किसान गिरफ्तारी से डरने वाले नहीं है और वे अपनी जायज मांगों के लिए संघर्ष करते रहेंगे। वहीं, दलित प्रेरणा स्थल पर धरने पर बैठे किसानों का टेंट लगाने पहले ही उजाड़ दिया गया। किसानों की यहां लंबे समय तक रुकने की योजना है।

भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता सुनील प्रधान ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर किसान लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। मांगे पूरी नहीं होने पर दिल्ली कूच की तैयारी की गई लेकिन अधिकारियों ने 7 दिन का समय मांगा। इस दौरान किसानों ने फैसला लिया कि रास्ते में दलित प्रेरणा स्थल पर अब आगे 7 दिनों तक आंदोलन किया जाएगा। वहां से अब पुलिस ने जबरदस्ती किसानों को उठा लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *