Jampui Hills: जम्पुई हिल्स (Jampui Hills) दरअसल पूर्वोत्तर भारत की लुशाई पहाड़ियों की एक उपश्रृंखला है। प्रकृति प्रेमियों के अनुसार यदि कोई मौन के गीत का आनन्द लेना चाहता हैतो उसे जम्पुई अवश्य जाना चाहिए। यहां के पहाड़, घाटियां, जंगल और हरियाली मिलकर ऐसे परिदृश्य बनाते हैं जो अद्भुत और शान्त-से लगते हैं।
न्यूज हवेली डेस्क
त्रिपुरा की राजधानी अगरतला से औसतन 200 किलोमीटर की दूरी पर स्थित जम्पुई हिल्स (Jampui Hills) राज्य की सबसे ऊंची पहाड़ी श्रृंखला है। यह मिजोरम की सीमा से बिल्कुल सटी हुई है। समुद्र की सतह से 3,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस स्थान को “शाश्वत वसंत की भूमि” के रूप में भी जाना जाता है। त्रिपुरा की सबसे ऊंची चोटी बेटलिंगचिप (बेतालोंगछिप) इसी पर्वतीय श्रृंखला में पड़ती है जहां से त्रिपुरा और मिजोरम की पहाड़ियों के अलावा बांग्लादेश के चटगांव के मनोरम दृश्य देखे जा सकते हैं।

जम्पुई हिल्स (Jampui Hills) दरअसल पूर्वोत्तर भारत की लुशाई पहाड़ियों की एक उपश्रृंखला है। प्रकृति प्रेमियों के अनुसार यदि कोई मौन के गीत का आनन्द लेना चाहता हैतो उसे जम्पुई अवश्य जाना चाहिए। यहां के पहाड़, घाटियां, जंगल और हरियाली मिलकर ऐसे परिदृश्य बनाते हैं जो अद्भुत और शान्त-से लगते हैं। झिंगुरों का आवाज और पक्षियों की चहचहाहट ही इस शान्ति को भंग करती है।
जम्पुई (Jampui) यूं तो हिल स्टेशन है पर यहां बरसात का मौसम भी अत्यन्त सुहावना होता है। इस दौरान पहाड़ियां तैरते हुए बादलों से ढकी रहती हैं। पहाड़ियों के तल पर बादलों का बनना, नीचे से ऊपर की ओर धीरे-धीरे चढ़ना और धीरे-धीरे पूरी पहाड़ी श्रृंखला को अपनी रहस्यमय गोद में समेट लेना एक ऐसा अनुभव है जिसे आप ताउम्र नहीं भूल सकते। आसमान खुला होने पर यहां के सूर्योदय और सूर्यास्त को देखने का मौका हाथ से न जाने दें। ऑर्किड सहित फूलों की कई दुर्लभ प्रजातियों को भी यहां देखा जा सकता है।

जम्पुई पहाड़ियों (Jampui Hills) में 10 गांव हैं- वैसम, हमावंगचुआन, हमुनपुई, तलकसीह, वांगमुन, बहलियांगछिप, बांग्ला सिय्योन, तलंगसांग, सबुअल और फुलदुंगसेई। उत्तर त्रिपुर जिले में स्थित इन पहाड़ियों का निकटतम गांव ह्मुनपुई कंचनपुर से 23 किलोमीटर दूर स्थित है। वंघमुन यहां का ब्लॉक मुख्यालय है जबकि कंचनपुर अनुमण्ल मुख्यालय।

यहां की पहाड़ियों की ढलानों पर सन्तरे के सैकड़ों बागान हैं जहां से गुज़रते समय हवा में फैली हुई इन फलों की मीठी गंध को महसूस कर सकते हैं। य़हां हर साल नवम्बर में संतरा और पर्यटन उत्सव मनाया जाता है जिसमें बड़ी संख्या में देसी-विदेशी पर्यटक शामिल होते हैं।
ऐसे पहुंचें जम्पुई हिल्स (How to reach Jampui Hills)

इस मनोरम स्थान की यात्रा करने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से दिसम्बर और मार्च से जुलाई तक है। मई से सितम्बर के दौरान इस क्षेत्र में भारी वर्षा होती है।
वायु मार्ग : जम्पुई हिल्स (Jampui Hills) का निकटतम हवाई अड्डा अगरतला का महाराजा बीर बिक्रम एयरपोर्ट जम्पुई हिल्स से करीब 196 किलोमीटर दूर है। वंघमुन और फूलदुंगसेई में हेलीपैड भी उपलब्ध हैं।
रेल मार्ग : पानीसागर रेलवे स्टेशन यहां से करीब 70, पचरथल 49 और धर्मनगरलगभग80 किमीदूर है।
सड़क मार्ग : धर्मनगर और कैलाशहर से कंचनपुर होते हुए जम्पुई हिल्स तक पहुंच सकते हैं। मिजोरम से तुईपुईबारी (दक्षिण की ओर) और कन्हमुन (उत्तर की ओर) होते हुए भी जम्पुई हिल्स पहुंचा जा सकता है। अंतरराज्यीय राजमार्ग मिजोरम को जम्पुई पहाड़ियों से जोड़ता है। अगरतला से यहां तक पहुंचने के लिए करीब 192किलोमीटर लम्बा सफर तय करना होता है।