हादसे में पांच महिलाएं घायल हुई हैं जिनमें 2 की हालत गंभीर है। और महिलाओँ के दबे होने की आशंका के चलते समाचार लिखे जाने तक बचाव कार्य जारी था।
कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के मोहनपुरा कस्बे में मंगलवार की सुबह मिट्टी की ढाय में दबकर 3 महिलाओं और एक बच्ची की मौत हो गई। पांच महिलाएं घायल हुई हैं जिनमें 2 की हालत गंभीर है। मिट्टी के अंदर और महिलाओँ के दबे होने की आशंका के चलते समाचार लिखे जाने तक बचाव कार्य जारी था।
कासगंज जिले में नेशनल हाईवे 530 का निर्माण किया जा रहा है। यहां खुदाई के दौरान पीली मिट्टी निकाली जा रही है। इसी मिट्टी को लेने के लिए आसपास के गांवों की महिलाएं मंगलवार सुबह मोहनपुरा कस्बे में रामपुर और कातौर गांवों के बीच पहुंची थीं। वे खुदाई कर मिट्टी निकाल रही थीं कि इसी दौरान मिट्टी की ढाय अचानक गिर गई। मिट्टी के नीचे एक बच्ची और 7 महिलाएं दब गईं। हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने राहत कार्य शुरू कर दिया। सूचना पर जिला प्रशासन की टीम, पुलिस और क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत मौके पर पहुंच गए। जेसीबी की मदद से मिट्टी को हटा कर एक एक कर सभी महिलाओं को निकाल लिया गया। सभी को जिला अस्पताल भेजा गया जहां चिकित्सक ने एक बच्ची समेत चार महिलाओ को मृत घोषित किया है
हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी मेधा रूपम, एसपी अपर्णा रजत कौशिक, विधायक हरिओम वर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी मौके पर पहुंच गए हैं। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
हादसे में मृत महिलाएं और बच्ची
- सरस्वती पत्नी रघुवीर, निवासी रामपुर थाना बाजार कासगंज उम्र 27 वर्ष
- रामबेटी पत्नी दानपाल उम्र 27 वर्ष, निवासी कासगंज
- प्रेमा देवी पत्नी गंगा प्रसाद उम्र 36 वर्ष, निवासी कासगंज
- पिंकी पुत्री मनपाल सिंह उम्र 10 वर्ष, निवासी कासगंज
हादसे में घायलों के नाम
- माहेश्वरी पत्नी चंद्रपाल निवासी रामपुर थाना व जिला कासगंज उम्र 42 वर्ष उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर किया गया है।
- कृष्ण पत्नी सुरेश निवासी कुन्नौर थाना वाला कासगंज उम्र 45 वर्ष उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर किया है।
- प्रेम सिंह पुत्र नाथू सिंह उम्र 30 वर्ष निवासी
- अर्जुन पुत्र शिशुपाल उम्र 8 वर्ष निवासी कातोर
- हेमवती पत्नी भूपेंद्र उम्र 36 वर्ष निवासी रामपुर हेमवती का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।